ताजा खबर
ट्रक जब्त, दो अन्य की तलाश जारी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 22 अप्रैल । फेरो मैंगनीज भरी बोरियों में पत्थर, लोहे के टुकड़े मिलावट कर धोखाधड़ी करते हुये गबन करने वाले अलवर के ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसका ट्रक जब्त किया गया है।वहीं इस मामले के उसके सहयोगी दो गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें एक ट्रांसपोर्टर है। इन लोगों ने मूल फेरो मैंगनीज को हरियाणा निवासी एक कबाड़ी के पास बेचा था। *
कुणाल जिंदल, मार्केटिंग मैनेजर, फ्लक्समिन मेटल प्रा. लिमिटेड, गाजियाबाद ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंपनी मीडियम कार्बन फेरो मैंगनीज के व्यापार में संलग्न है। 27 फरवरी को उसने हीरा पावर एंड स्टील लिमिटेड, उरला (रायपुर) को अपने क्लाइंट केसरी एलॉयज, भिवाड़ी (राजस्थान) के लिए 43 टन माल सप्लाई का ऑर्डर दिया। 13 मार्च को उक्त माल ट्रक आर जे 14 जी के 4320 के माध्यम से रायपुर से भिवाड़ी के लिए भेजा गया, जो 11 दिन से विलंब से 25 मार्च को गंतव्य स्थान पर पहुँचा। भिवाड़ी स्थित प्लांट में गुणवत्ता परीक्षण के दौरान पाया गया कि 43 बैगों की सील तोड़कर उनमें रखें मीडियम कार्बन फेरो मैंगनीज में गिट्टी, पत्थर एवं आयरन ओर की मिलावट कर दी गई थी तथा बैगों को पुनः सिलाई कर दिया गया था, जिससे पूरा माल अनुपयोगी हो गया।
शिकायत मिलने पर हीरा पावर एंड स्टील लिमिटेड द्वारा सामग्री वापस मंगाकर जांच की गई, जिसमें भी मिलावट की पुष्टि हुई। जांच में यह कृत्य ट्रक चालक शौकीन खान द्वारा किया जाना पाया गया। इस प्रकार शौकीन ने लगभग 48 लाख रुपये मूल्य के 43 टन माल में हेराफेरी कर धोखाधड़ी व गबन किया। इस रिपोर्ट पर उरला में अपराध दर्ज कर तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम
टीम ट्रक ड्राइवर आरोपी शौकीन खान को राजस्थान के अलवर में लोकेट किया गया। जहां भेजी गई टीम शौकीन खान की घेराबंदी कर पकड़ा ।
पूछताछ के दौरान आरोपी शौकीन खान ने बताया कि उसने वाहन में लोड कुल माल में से लगभग 03 टन मीडियम कार्बन फेरो मैंगनीज को 1,20,000 रुपये में हरियाणा निवासी एक कबाड़ी को बेच दिया था। जिस पर पुलिस टीम द्वारा हरियाणा जाकर उक्त कबाड़ी के निवास स्थान पर दबिश दी गई, किन्तु वह मौके पर नहीं मिला।
आरोपी शौकीन खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ट्रक आर जे 14 जी के 4320 को जप्त कर वैधानिक कार्यवाही की गई है। प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी की पतासाजी जारी है।
गिरफ्तार आरोपी- शौकीन खान 32 निवासी ग्राम मोरेडा महुवाखुर्द थाना मालखेड़ा अलवर ।


