ताजा खबर

तेंदूपत्ता संग्रहण : 13 लाख परिवारों को होगा 9 सौ करोड़ भुगतान
22-Apr-2026 4:46 PM
तेंदूपत्ता संग्रहण : 13 लाख परिवारों को होगा 9 सौ करोड़ भुगतान

सीधे खाते में जमा किए जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 अप्रैल। राज्य में तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य से 13 लाख से अधिक संग्राहक परिवार जुड़े हैं। वर्ष 2026 के लिए संग्राहकों को लगभग 920 करोड़ रुपये के भुगतान का अनुमान है।

वन विभाग के अनुसार वर्ष 2024 से तेंदूपत्ता की दर प्रति मानक बोरा 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार 500 रुपए कर दी गई है। वर्ष 2026 में 31 जिला वनोपज सहकारी यूनियनों के अंतर्गत 902 प्राथमिक समितियों में संग्रहण कार्य प्रस्तावित है। इस वर्ष लगभग 15 लाख मानक बोरा संग्रहण का अनुमान है। एक मानक बोरे में 1000 गड्डियां और प्रत्येक गड्डी में 50 पत्ते होते हैं।

बस्तर संभाग के 10 जिला यूनियनों की 216 समितियों में करीब 4 लाख मानक बोरा संग्रहण का लक्ष्य रखा गया है। अन्य 21 यूनियनों की 868 समितियों में लगभग 11 लाख मानक बोरा संग्रहण की संभावना है। वर्ष 2025 में बस्तर संभाग में 3.90 लाख परिवार जुड़े थे, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 4.04 लाख हो गए हैं। इस वर्ष 14 हजार 57 नए परिवार जुड़े हैं।

नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में 10 नए फड़ स्थापित किए गए हैं, जहां 2100 से अधिक मानक बोरा संग्रहण का अनुमान है। सुकमा और केशकाल क्षेत्रों में भी नए फड़ जोड़े गए हैं। पिछले वर्ष 351 फड़ों में संग्रहण नहीं हो सका था।

संग्रहण कार्य के लिए संग्राहक कार्ड, बोरा, सुतली, गोदाम और परिवहन की व्यवस्था की गई है। तेंदूपत्ता भंडारण का बीमा किया जा रहा है। भुगतान के लिए ऑनलाइन प्रणाली लागू है और राशि डीबीटी के माध्यम से खातों में भेजी जाएगी।


अन्य पोस्ट