ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 अप्रैल। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मौजूदा ट्रेनों के अलावा अब 6 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों का अतिरिक्त रूप से संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से समय पर आरक्षण कराने की अपील भी की है, ताकि वे सुरक्षित और आरामदायक सफर का लाभ उठा सकें।
रेलवे के अनुसार, दो जोड़ी ट्रेनें चर्लपल्ली–मधुपुर, तीन जोड़ी चर्लपल्ली–मुजफ्फरपुर और एक जोड़ी चर्लपल्ली–बरौनी के बीच चलाई जा रही हैं। ये सभी ट्रेनें गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के साथ संचालित होंगी।
23 अप्रैल और 30 अप्रैल को चर्लपल्ली से मधुपुर के लिए ट्रेनें रवाना होंगी, जबकि वापसी में 24 अप्रैल और 1 मई को मधुपुर से ट्रेनें चलेंगी। ये ट्रेनें बिलासपुर से होकर गुजरते हुए तय समय पर गंतव्य तक पहुंचेंगी।
मुजफ्फरपुर रूट पर 24, 28 अप्रैल और 1 मई को चर्लपल्ली से ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि वापसी में 26, 30 अप्रैल और 3 मई को मुजफ्फरपुर से ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। इस रूट पर अतिरिक्त ट्रेनों से बिहार जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
26 अप्रैल को चर्लपल्ली से बरौनी के लिए और 28 अप्रैल को बरौनी से वापसी ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन भी बिलासपुर समेत प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।


