ताजा खबर
पहलगाम हमले को आज एक साल हो गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि 'आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे.'
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं. उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा. एक राष्ट्र के तौर पर, हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं."
उन्होंने कहा, "भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा. आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे."
गृह मंत्री अमित शाह ने भी पहलगाम हमले के एक साल होने पर एक्स पर पोस्ट किया.
अमित शाह ने लिखा, "आज के दिन हम पिछले साल हुए पहलगाम आतंकी हमले में खोई गई मासूम ज़िंदगियों को गंभीरता से याद करते हैं. अपने लोगों को खोने का दुख और पीड़ा हर भारतीय के दिल में आज भी है."
उन्होंने आगे लिखा, "आतंकवाद इंसानियत का सबसे बड़ा दुश्मन है, जिसके ख़िलाफ़ हमें एकजुट होकर लड़ना और उसे हराना है. भारत आतंकवाद और उसे पनाह देने वालों के ख़िलाफ़ अपनी सख़्त नीति जारी रखेगा." (bbc.com/hindi)


