ताजा खबर

बिलासा एयरपोर्ट से पहली नाइट फ्लाइट दिल्ली के लिए 3 मई को
22-Apr-2026 11:04 AM
बिलासा एयरपोर्ट से पहली नाइट फ्लाइट दिल्ली के लिए 3 मई को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 अप्रैल। बिलासा देवी एयरपोर्ट से राजधानी दिल्ली के लिए रात्रिकालीन सीधी हवाई सेवा 3 मई से शुरू होने जा रही है। यह उड़ान एलायंस एयर द्वारा संचालित की जाएगी और फिलहाल सप्ताह में एक दिन, हर रविवार उपलब्ध रहेगी। निर्धारित समय के अनुसार विमान शाम 6:45 बजे बिलासपुर से उड़ान भरेगा और लगभग 2 घंटे 40 मिनट में दिल्ली पहुंचेगा।

नए समर शेड्यूल में पहली बार इस एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग की सुविधा मिली है। हाल ही में डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने एयरपोर्ट का लाइसेंस वीएफआर से आईएफआर श्रेणी में अपग्रेड किया है, जिससे अब कम दृश्यता और रात में भी सुरक्षित उड़ान संचालन संभव होगा। इसके तहत विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होकर रात 9:25 बजे वहां लैंड करेगा।

शाम के समय उड़ान होने से यात्रियों को दिनभर का काम निपटाकर यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। खासकर व्यवसायी और शासकीय कार्य से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह समय काफी सुविधाजनक रहेगा। इसके अलावा, गर्मी के कारण लगने वाली लोड पेनल्टी की समस्या भी खत्म होगी, जिससे विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर सकेगा और अधिक यात्रियों को सीट मिल पाएगी।

मालूम हो कि एयरपोर्ट के विकास और संचालन पर अब तक 100 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा मार्च 2024 से मार्च 2026 के बीच 52 करोड़ रुपए विजिबिलिटी गैप फंडिंग के रूप में दिए गए हैं, जबकि रक्षा मंत्रालय को 50.64 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।

हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के सदस्य सुदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बिलासपुर का रनवे अभी छोटा है। इसे 1800 मीटर तक बढ़ाए जाने पर बड़े विमान यहां उतर सकेंगे। समिति ने रविवार के अलावा बुधवार को भी दिल्ली के लिए उड़ान शुरू करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट