ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 21 अप्रैल। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कोरबा से बेंगलुरु के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह सुविधा दोनों दिशाओं में एक-एक यात्रा के रूप में उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को कन्फर्म सीट के साथ सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
ट्रेन नंबर 08261 कोरबा–येलहंका समर स्पेशल 2 मई 2026 को सुबह 9:00 बजे कोरबा से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन नंबर 08262 येलहंका–कोरबा समर स्पेशल 3 मई 2026 को रात 9:00 बजे येलहंका से प्रस्थान करेगी।
यह विशेष ट्रेन कोरबा से चलकर चांपा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, बल्हारशाह, सिकंदराबाद होते हुए कर्नाटक के येलहंका (बेंगलुरु) तक पहुंचेगी। मार्ग में कई अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है, जिससे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक के यात्रियों को लाभ मिलेगा। इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआरडी, 4 सामान्य, 10 स्लीपर और 4 एसी-थ्री टियर कोच शामिल हैं। इससे विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को अपनी सुविधा अनुसार सीट उपलब्ध हो सकेगी।


