ताजा खबर
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को रेलवे अधिकारियों के एक समूह से कहा कि वे निर्णय लेते समय हमेशा यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और गरिमा को केंद्र में रखें।
उन्होंने उनसे नए विचार पेश करने और प्रौद्योगिकी का उपयोग करके दक्षता, सुरक्षा और यात्रियों व माल की सुचारु आवाजाही को मजबूत बनाने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति भवन में भारतीय रेलवे के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुर्मू ने कहा कि दुनिया में सबसे बड़े और जटिल नेटवर्कों में भारतीय रेलवे भी शामिल है, जो न केवल यात्रियों और माल की आवाजाही को सुविधाजनक बनाती है बल्कि करोड़ों लोगों की आकांक्षाओं को भी साथ लेकर चलती है।
उन्होंने कहा, “आपको इस व्यवस्था को चलाने के लिए तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि ईमानदारी, करुणा और जवाबदेही की गहरी भावना की भी आवश्यकता होगी। आपको निर्णय लेते समय हमेशा यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और गरिमा को केंद्र में रखना चाहिए।” (भाषा)


