ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल । इंडियन ऑयल के मंडल रिटेल सेल्स प्रमुख और पेट्रोलियम कंपनियों के राज्य समन्वयक नितिन चव्हाण ने बताया कि ढाई माह बाद जुलाई से घरेलू पीएनजी कनेक्शन शुरू किये जाएंगे । बीपीसीएल, अदानी गैस, एचसीजी और गेल कंपनियां राज्य के विभिन्न जिलों में पीएनजी नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं। आगामी जुलाई तक कई इलाकों में घरेलू कनेक्शन शुरू हो जाने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि भू-राजनीतिक अस्थिरता के बावजूद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां ने राज्य में घरेलू एलपीजी की रोजाना 72,000 सिलेंडर की आपूर्ति बनाए रखी है। यह आंकड़ा तनाव शुरू होने से पहले के सामान्य दिनों जितना ही है। राज्य में पांच बॉटलिंग प्लांट्स पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं और 539 वितरकों के माध्यम से घरों तक एलपीजी पहुंचाई जा रही है। कम उपयोग वाले परिवारों, छात्रों, प्रवासी मजदूरों और कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
ग्राहकों को बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यम (SMS, मिस्ड कॉल, IVRS) का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। फिलहाल 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही है। डिलीवरी के समय डिलीवरी प्रमाणीकरण कोड (DAC) के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सिलेंडर असली उपभोक्ता तक ही पहुंचे।
प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने साफ कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए कई टीमों को अप्रत्याशित छापेमारी के लिए भेजा गया है। छत्तीसगढ़ में अब तक जिला प्रशासन द्वारा 418 छापे मारे जा चुके हैं, 3,946 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 105 FIR दर्ज की गई हैं।


