ताजा खबर
नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 20 अप्रैल। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री तथा डिप्टी सीएम अरुण साव ने रविवार को नगर निगमों की समीक्षा बैठक में पेयजल व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगले वर्ष तक प्रदेश के सभी नगर निगमों में पेयजल संबंधी समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण होना चाहिए।
बैठक में डिप्टी सीएम ने अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी भी नगर निगम क्षेत्र में पेयजल की समस्या सामने आती है, तो संबंधित अफसरों की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी पेयजल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, न कि अस्थायी उपायों से काम चलाएं।
धमतरी में कार्रवाई
समीक्षा के दौरान धमतरी नगर निगम में पेयजल योजना में हो रही लेटलतीफी पर डिप्टी सीएम ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से वहां के कार्यपालन अभियंता (ईई) को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही योजना में देरी के लिए जिम्मेदार ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने को भी कहा।
डिप्टी सीएम ने बैठक में कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी निगम आयुक्तों और जल विभाग के अधिकारियों को फील्ड में उतरकर जमीनी हकीकत परखने और समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
सरकार के इस रुख से स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में पेयजल योजनाओं की मॉनिटरिंग और सख्त होगी तथा लापरवाह अधिकारियों व एजेंसियों पर सीधी गाज गिरेगी।


