ताजा खबर
सिटी सेंटर माल की पार्किंग से ईनोवा ले भागने वाले शातिर चोर गिरफ्तार
19-Apr-2026 8:21 PM
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे
पूर्व में लगभग एक दर्जन वाहन चोरियां में जेल जा चुका था
रायपुर, 19 अप्रैल। सिटी सेंटर माल की पार्किंग से ईनोवा ले भागने वाले ड्राइवर मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वह शातिर वाहन चोर व अपराधी प्रवृत्ति का है। पूर्व में लगभग एक दर्जन वाहन चोरी के प्रकरणों सहित प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है।
सुरजीत सिंह चावला, निवासी सम्बलपुर (उड़ीसा) ने थाना देवेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था। सुरजीत शनिवार को वह अपने परिवार के साथ अपनी इनोवा कार ओ डी 15 ए 5089 से रायपुर स्थित सिटी सेंटर मॉल घूमने आया था। दोपहर लगभग 02ः00 बजे उसके पुत्र ने वाहन पार्किंग हेतु 100 रूपये का टिकट लिया एवं वाहन की चाबी पार्किंग कर्मचारी को सौंप दी। करीब 30 मिनट बाद वापस आने पर पार्किंग कर्मचारी धनेश्वर से वाहन लाने को कहा, जिस पर उसने चाबी अन्य कर्मचारी को दे दी थी। काफी प्रतीक्षा के बाद भी वाहन नहीं आने पर सुरजीत मौके पर जाकर देखा तो वाहन वहां नहीं मिला। पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि मॉल का कर्मचारी मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू वाहन को लेकर चला गया है। वाहन में रखे पर्स, आधार कार्ड, अन्य दस्तावेज एवं 15,000/- रूपये नगद भी साथ में थे। कर्मचारी मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू द्वारा वाहन के साथ अमानत में खयानत (गबन) किया गया। इस रिपोर्ट पर मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू के विरूद्ध देवेन्द्र नगर पुलिस धारा 316(2) दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की छानबीन के दौरान आरोपी द्वारा भागने के लिए उपयोग किए गए मार्गों की पहचान की गई तथा उन सभी मार्गों पर लगे कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की मूवमेंट को क्रमबद्ध तरीके से ट्रैक कर मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू को ईनोवा वाहन के साथ पकड़ा गया।
मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से इनोवा ओ डी 15 ए 5089 कीमती लगभग 9,00,000/- रूपये* जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
आरोपी मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू आदतन अपराधी एवं वाहन चोर है। वह पूर्व में थाना तेलीबांधा क्षेत्र से 10 दोपहिया वाहनों की चोरी एवं थाना पंडरी क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी को अंजाम दे चुका है। इसके अतिरिक्त थाना सरस्वती नगर एवं थाना माना में भी उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की जा चुकी है, जिसके तहत वह पूर्व में जेल निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी- मनीष साहू उर्फ डेकेश्वर साहू पिता काशी साहू उम्र 35 साल निवासी ग्राम अछोली थाना खरोरा जिला रायपुर। हाल पता - मत्स्य कालोनी व्ही.आई.पी. रोड के पीछे थाना तेलीबांधा रायपुर।
Join WhatsApp Group 2 यहाँ क्लिक करे


