ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 अप्रैल। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में एक युवक अचानक सड़क पर आग की लपटों में घिर गया। पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, लेकिन आग लगने की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
घटना 17 अप्रैल की दोपहर ग्राम पौसरी की है। 28 वर्षीय मनजीत जायसवाल गिधौरी के पेट्रोल पंप से डिब्बे में पेट्रोल लेकर निकला और अपनी बुलेट बाइक से कुछ दूरी तय की। इसके बाद वह सड़क किनारे रुका और कुछ ही पलों में आग की चपेट में आ गया।
सीसीटीवी फुटेज में युवक पेट्रोल खरीदते और आगे जाते हुए दिखाई देता है, लेकिन आग लगने का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो रहा।
आग लगने के बाद युवक चीखते हुए सड़क पर दौड़ने लगा। कुछ दूरी तक भागने के बाद वह जमीन पर गिरकर लोटने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाई और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
युवक को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर के बर्न और ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घायल युवक ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि बाइक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिससे पास रखा पेट्रोल भी भड़क गया। हालांकि, अब तक सामने आए सीसीटीवी फुटेज में शॉर्ट सर्किट जैसी कोई स्पष्ट स्थिति नजर नहीं आई है।
इस वजह से मामले में संदेह गहरा गया है। चर्चा यह भी है कि युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों के बयान लिए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण कराया जा रहा है। साथ ही बोतल में पेट्रोल देने वाले पंप के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि ऐसा करना बैन है।


