ताजा खबर

किरेन रिजिजू के साथ फ़ोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर महिला आरक्षण पर ये बोले थरूर
19-Apr-2026 11:27 AM
किरेन रिजिजू के साथ फ़ोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर महिला आरक्षण पर ये बोले थरूर

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया एक्स पर बीजेपी सांसद और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के साथ एक तस्वीर शेयर की है.

शशि थरूर ने बताया है कि लोकसभा में सदन स्थगित होने के बाद विपक्षी सांसदों की संसदीय कार्य मंत्री के साथ एक छोटी सी अनौपचारिक बैठक हुई.

शशि थरूर ने लिखा, ''जब किरेन रिजिजू ने समझाया कि वे और उनकी पार्टी विपक्ष को महिला विरोधी क्यों कह रहे हैं, तो उन्हें यह बताया गया कि मुझे कोई भी कभी भी महिला विरोधी नहीं कह सकता. उन्होंने यह बात मानी भी.''

शशि थरूर का कहना है, ''सच तो यह है कि महिलाएं कहीं ज़्यादा बेहतर हैं. वे संसद में और हर संस्था में प्रतिनिधित्व की हक़दार हैं.''

''बस, उनकी प्रगति को एक ऐसी शरारतपूर्ण और संभावित रूप से ख़तरनाक परिसीमन प्रक्रिया से न जोड़ें, जो हमारे लोकतंत्र को तबाह कर सकती है.''

शुक्रवार को महिला आरक्षण क़ानून और डीलिमिटेशन से जुड़ा 131वां संवैधानिक संशोधन विधेयक लोकसभा में गिर गया.

बीजेपी और एनडीए के नेता इस मामले में विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण के विरोधी होने का आरोप लगा रहे हैं.

जबकि विपक्षी दलों का आरोप है कि केंद्र सरकार महिलाओं के आरक्षण के नाम पर डीलिमिटेशन से जुड़ा विधेयक पारित करना चाहती थी.

विपक्षी दलों का आरोप है कि डीलिमिटेशन के मौजूदा स्वरूप से देश के दक्षिणी, पूर्वोत्तर और छोटे राज्यों की राजनीतिक ताक़त कम हो जाएगी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट