ताजा खबर

वेदांता पावर प्लांट में हादसा बॉयलर लोड बढ़ाने की वजह से..
18-Apr-2026 9:00 PM
वेदांता पावर प्लांट में हादसा बॉयलर लोड बढ़ाने की वजह से..

पूर्व मंत्री अकबर ने लगाए आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,18 अप्रैल। 
पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने सक्ती जिले के वेदांता पावर लिमिटेड में हुए हादसे को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्पादन दोगुना करने के प्रयास में बॉयलर पर अत्यधिक लोड बढ़ाया गया, जो दुर्घटना की वजह बना।

अकबर ने एक बयान में कहा कि प्लांट में बॉयलर का लोड 350 मेगावाट से बढ़ाकर 590 मेगावाट कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दंडाधिकारीय जांच के लिए तय किए गए बिंदुओं में इस महत्वपूर्ण पहलू को शामिल नहीं किया गया है।

यह हादसा 14 अप्रैल को सक्ती जिले की डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्टीम पाइप के वाटर सप्लाई जॉइंट में तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटना हुई। घटना में 36 श्रमिक प्रभावित हुए, जिनमें 17 की मौत हो गई।

मामले में जिला दण्डाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने विस्तृत दंडाधिकारीय जांच के आदेश जारी किए हैं और अनुविभागीय दण्डाधिकारी, डभरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

जांच के लिए नौ बिंदु निर्धारित किए गए हैं, जिनमें घटना के कारण, मृतक-घायलों का विवरण, बॉयलर निरीक्षण, सुरक्षा मानकों की समीक्षा, जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान और भविष्य के लिए सुझाव शामिल हैं। हालांकि, अकबर का कहना है कि बॉयलर लोड बढ़ाने का मुद्दा इन बिंदुओं में शामिल नहीं है।

कलेक्टर ने जांच अधिकारी को 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रति गृह विभाग, मानवाधिकार आयोग, श्रम विभाग और उद्योग विभाग को भी भेजी गई है, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।


अन्य पोस्ट