ताजा खबर

गुफा में भालू का हमला, बुजुर्ग बाबा की मौत
18-Apr-2026 4:40 PM
गुफा में भालू का हमला, बुजुर्ग बाबा  की मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
मनेंद्रगढ़, 18 अप्रैल।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेद स्थित बाघमाड़ा के घने जंगल में बीती रात एक बुजुर्ग  बाबा पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
       मिली जानकारी के अनुसार, बाबा लोकराम पिछले कई वर्षों से बाघमाड़ा के जंगल क्षेत्र में स्थित एक गुफा में रहकर तपस्या कर रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह इलाका घने जंगलों और वन्य जीवों की गतिविधियों के लिए जाना जाता है। खासकर गर्मी के मौसम में जंगली जानवर पानी और ठंडक की तलाश में गुफाओं और छायादार स्थानों की ओर रुख करते हैं।
बताया जा रहा है कि बीती रात भी एक भालू ठंडक की तलाश में उसी गुफा में पहुंच गया, जहां बाबा लोकराम मौजूद थे। गुफा के अंदर अचानक आमना-सामना होने के बाद भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज और खतरनाक था कि बाबा को बचाव का मौका तक नहीं मिल सका और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जनकपुर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग ने भी इलाके में गश्त बढ़ा दी है और भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बाघमाड़ा क्षेत्र में पहले भी भालुओं की मौजूदगी देखी गई है, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं।
प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्रों में अकेले न जाएं और विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करने की सलाह दी गई है।


अन्य पोस्ट