ताजा खबर

बीएड छात्रा की गला घोंट हत्या करने वाले प्रेमी ने खुद पुलिस को किया फोन
18-Apr-2026 11:51 AM
बीएड छात्रा की गला घोंट हत्या करने वाले प्रेमी ने खुद पुलिस को किया फोन

​भिलाई नगर, 18 अप्रैल। दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या की वजह चरित्र पर शक बताई जा रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और कहा कि उसकी गर्लफ्रेंड बेहोश हो गई है।

विवाद और हत्या का घटनाक्रम

मृतका की पहचान युनेश्वरी वर्मा (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले के चिचोला की रहने वाली थी और दुर्ग में रहकर पढ़ाई कर रही थी। 

आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), बालोद जिले का निवासी है। दोनों कोलिहापुरी स्थित बीएम कॉलेज में बी.एड के छात्र थे।

​शुक्रवार की दोपहर करीब 1 बजे, कार्तिक युनेश्वरी को लेकर अपने सुभाष नगर स्थित किराए के कमरे में पहुंचा। वहां दोनों के बीच किसी दूसरे व्यक्ति के साथ अफेयर होने के शक में बहस शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि कार्तिक ने गुस्से में आकर युनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

​पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

​हत्या के बाद जब युनेश्वरी के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तो कार्तिक ने डायल-112 पर फोन किया। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसने नाटक करते हुए कहा कि साहब देखिए, यह बेहोश हो गई है, उठ ही नहीं रही है।

पुलिस टीम उसे तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर कार्तिक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

​​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट