ताजा खबर

फरार कांग्रेस नेता के घर पहुंची पुलिस टीम से झूमाझपटी, दो गिरफ्तार
17-Apr-2026 2:23 PM
फरार कांग्रेस नेता के घर पहुंची पुलिस टीम से झूमाझपटी, दो गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 17 अप्रैल। तोरवा थाना क्षेत्र में फरार आरोपी की तलाश में गई पुलिस टीम के साथ अभद्रता और झूमाझपटी के चलते पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को थाना मस्तूरी के एक गंभीर आपराधिक प्रकरण में फरार आरोपी नागेंद्र राय की तलाश में टीम तोरवा क्षेत्र के लालखदान स्थित उसके निवास पर पहुंची थी। आरोपी पर आपराधिक धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है, जिसके चलते उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।

जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, वहां मौजूद परिजनों से दरवाजा खोलकर तलाशी में सहयोग करने को कहा गया। शुरुआत में परिजनों ने सहयोग से इनकार किया और काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला गया।

काफी देर बाद जब दरवाजा खोला गया और पुलिस ने तलाशी प्रक्रिया शुरू की, तभी घर के अंदर मौजूद दो युवक अचानक आक्रोशित हो गए। इन युवकों ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और झूमाझपटी करने लगे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने न केवल तलाशी प्रक्रिया में बाधा डाली, बल्कि सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश भी की। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

घटना के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उद्याचल राय (33 वर्ष) और सुब्रत राय (27 वर्ष) शामिल हैं। दोनों फरार आरोपी के परिजन हैं।

पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 15 अप्रैल को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

 

 


अन्य पोस्ट