ताजा खबर

बिरला का राहुल पर तंज: ‘सिर्फ आपका ही माइक बंद होता है’
16-Apr-2026 8:16 PM
बिरला का राहुल पर तंज: ‘सिर्फ आपका ही माइक बंद होता है’

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल। लोकसभा में बृहस्पतिवार को जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस सदस्य केसी वेणुगोपाल का माइक बंद होने को लेकर संदेह जताया तो अध्यक्ष ओम बिरला ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘सिर्फ आपका ही माइक बंद होता है, इनका नहीं होता।’’ इस पर सदन में सदस्यों के ठहाके सुने गए।

वेणुगोपाल सदन में महिला आरक्षण अधिनियम से संबंधित ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, ‘परिसीमन विधेयक, 2026’ और ‘संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक, 2026’ पेश किये जाने का विरोध करते हुए अपनी बात रख रहे थे।

जब वेणुगोपाल ने बोलना शुरू किया तो राहुल गांधी ने उनका माइक बंद होने की शंका जताई।

इस पर बिरला ने राहुल गांधी से मजाकिया अंदाज में कहा, ‘‘चालू है, माइक चालू है… सिर्फ आपका ही बंद होता है, इनका बंद नहीं होता।’’

यह सुनते ही सदस्य ठहाके लगाने लगे।

दरअसल अध्यक्ष की यह टिप्पणी राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के इन आरोपों की पृष्ठभूमि में आई है कि नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद कर दिया जाता है।

वहीं, अध्यक्ष बार-बार यह बात कहते रहे हैं कि माइक बंद करने के लिए आसन के पास कोई बटन नहीं है और आसन से माइक चालू या बंद नहीं किया जाता। (भाषा)


अन्य पोस्ट