ताजा खबर
अब भी कई की हालत नाजुक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 16 अप्रैल। सक्ती जिले स्थित वेदांत प्लांट में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढक़र 20 हो गई है, अभी भी कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि 34 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
मंगलवार की दोपहर सक्ती जिले के सिंघीतराई इलाके में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण ब्लास्ट में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतक के परिजनों बीती रात से लेकर आज दोपहर तक अपने-अपने परिजनों के शवों को ढूंढने अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। मेडिकल कालेज अस्पताल में जहां शवों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने एंबुलेंस वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। एक-एक करके शवों का पोस्टमार्टम उपरांत शव उनके गृह ग्राम भेजे जा रहे हैं। अभी भी मेडिकल कालेज अस्पताल में मृतकों के शवों का लाने का सिलसिला जारी है, झुलसे हुए लोगों की हालातों को देखते हुए देर शाम तक मृतकों की संख्या में और इजाफा होने की भी बात कही जा रही है।
हादसे के बाद एक अन्य परिजन विमल ने प्रबंधन पर सवाल उठाए और कहा की सुरक्षा की कमी की वजह से ज्यादा मौतें हुई है और हादसे के बाद जो व्यवस्था होनी थी नहीं हुई। घटना के बाद अब अन्य राज्यों से भी मजदूरों के परिजन रायगढ़ पहुंचने लगे हैं। सभी अपने घायल या मृत परिजनों की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।


