ताजा खबर

सड़क हादसा, एक मौत, दो जख्मी
12-Apr-2026 6:51 PM
सड़क हादसा, एक मौत, दो जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

अंबिकापुर, 12 अप्रैल। अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, चठिरमा के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। घटना में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक और घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि इस हादसे का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट