ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोरबा, 12 अप्रैल। शनिवार देर रात कोरबा जिले में एनएच-130 पर एक डीजल टैंकर और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और टैंकर चालक केबिन में फंस गया। इस हादसे के चलते अंबिकापुर–कटघोरा मार्ग करीब तीन घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा, जिससे लंबा जाम लग गया।
घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित ललगाट के पास हुई। जानकारी के अनुसार टैंकर अंबिकापुर की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रेलर कटघोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों चालक घायल हुए, जबकि टैंकर चालक लंबे समय तक केबिन में फंसा रहा।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्घटना के कारण सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान पर्यटन मंत्री का काफिला भी जाम में फंस गया, जिसे बाद में पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग से निकाला।
डीजल से भरे टैंकर के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन आसपास का क्षेत्र खाली कराया। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।


