ताजा खबर
वोटर लिस्ट त्रुटिरहित बनाई जाए : अजय सिंह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 10 अप्रैल । आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मई जून-2026 की तैयारियों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में आज निर्वाचक नामावली प्रेक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने की।राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए तथा सभी दावा-आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण किया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य की सघन निगरानी और प्रभावी सुपरविजन पर विशेष बल दिया।
बैठक में स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची का व्यापक पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके लिए 01 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले तथा भारत निर्वाचन आयोग की विधानसभा मतदाता सूची में शामिल नागरिक ही स्थानीय चुनाव में मतदाता बनने के पात्र होंगे।
निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल को, 20 अप्रैल तक दावा-आपत्तियां तथा 27 अप्रैल तक उनका निराकरण, अंतिम प्रकाशन 05 मई को किया जाएगा।
बैठक में रिक्त पदों की जानकारी भी साझा की गई। नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 4 पद एवं 60 पार्षद के आम निर्वाचन तथा अध्यक्ष के 4 एवं 17 पार्षद पदों पर उप निर्वाचन प्रस्तावित है। वहीं जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद एवं पंचों के 1110 पद रिक्त हैं, जिन पर निर्वाचन कराया जाएगा।
आयोग की सचिव श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी ने निर्देशित किया कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ
उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें।


