ताजा खबर

एम्स अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन का निधन
27-Feb-2026 8:36 PM
एम्स अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन का निधन

रायपुर, 27 फरवरी। पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ, पद्मश्री समाजसेवी तथा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, रायपुर के अध्यक्ष डॉ. बुधेन्द्र कुमार जैन का शुक्रवार को  निधन हो गया। उनके निधन से चिकित्सा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में शोक की लहर है।

डॉ. जैन ने चिकित्सा सेवा और समाज कल्याण के क्षेत्र में पाँच दशकों से अधिक समय तक उल्लेखनीय योगदान दिया। चित्रकूट स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट के माध्यम से उन्होंने लाखों नेत्र रोगियों को नई दृष्टि प्रदान की और उनके जीवन में आशा का संचार किया। वर्ष 2025 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया था।

एम्स रायपुर के अध्यक्ष के रूप में उनका मार्गदर्शन संस्थान के लिए प्रेरणादायी रहा। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, सादगी और मानवीय संवेदनशीलता ने संस्थान की कार्यसंस्कृति को सेवा-उन्मुख और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. जैन का निधन चिकित्सा जगत और समाज सेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। 
डॉ. जैन के निधन से एम्स रायपुर परिवार गहरे शोक में है। संस्थान के फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी इस दुखद समाचार से व्यथित हैं।


अन्य पोस्ट