ताजा खबर
धार, 27 फरवरी। मध्यप्रदेश के धार जिले में एक निजी स्कूल के शौचालय में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा दे रही 17 साल की एक लड़की ने समय पूर्व बच्चे को जन्म दिया। छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना पीथमपुर शहर के एक निजी स्कूल में हुई जब छात्रा मंगलवार को गणित विषय की परीक्षा दे रही थी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किशोरी ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की और शौचालय जाने की अनुमति मांगी।
अधिकारी ने बताया कि जब वह काफी देर तक कक्षा में वापस नहीं आई, तो परीक्षकों ने शौचालय में देखा जहां उन्हें नवजात शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. प्रशांत कजावे ने बताया कि महिला कर्मचारी मौके पर पहुंचीं और लड़की तथा बच्चे को 108 एम्बुलेंस से सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
उन्होंने कहा कि किशोरी और बच्चे दोनों की हालत स्थिर है।
कजावे ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि लड़की को 34 हफ्ते (आठ महीने) का गर्भ था और बच्चे का जन्म समय से पहले हो गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस संबंध में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और मामला बेटमा थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है।
किशोरी ने बेटमा पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि वह एक नृत्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के दौरान एक लड़के से मिली थी और उसने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।
अधिकारी ने कहा कि छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि लड़के ने उसे चुप रहने की धमकी दी थी और इसलिए उसने अपने माता-पिता को दुष्कर्म के बारे में नहीं बताया।
पुलिस मामले में जांच कर रही है। (भाषा)


