ताजा खबर

बिल्हा एसबीआई में 2 करोड़ का गबन, निलंबित महिला कैशियर एसीबी के शिकंजे में
27-Feb-2026 12:48 PM
बिल्हा एसबीआई में 2 करोड़ का गबन, निलंबित महिला कैशियर एसीबी के शिकंजे में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 फरवरी। बिल्हा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में करोड़ों रुपये के गबन मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने पूर्व महिला कैशियर तेजावधा थीरापतम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर करीब 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये की हेराफेरी का आरोप है।

जांच में सामने आया है कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच आरोपी ने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया। आरोप है कि कुछ अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ की गई।

बताया जा रहा है कि रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया गया और बाद में उसे बैंक खर्च जैसे खानपान, किराया और मेंटेनेंस के नाम पर दिखाकर छिपाने की कोशिश की गई।

इस मामले में बिल्हा शाखा के प्रबंधक पीयूष बड़ा ने रायपुर स्थित आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 19 जनवरी 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान बैंक की विभागीय रिपोर्ट और एसीबी द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों से गबन की पुष्टि हुई।

एसीबी को 16 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी महिला बिल्हा बैंक में मौजूद है। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।

बताया जाता है कि जून 2025 से आरोपी निलंबित थी और उसे रीजनल बिजनेस ऑफिस, जगदलपुर से अटैच किया गया था। हालांकि वह लंबे समय से ड्यूटी से गायब चल रही थी। आरोपी मूल रूप से आंध्र प्रदेश के खम्मम जिले की रहने वाली है।

एसीबी ने आरोपी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। अधिकारियों का मानना है कि इसमें लेन-देन और अन्य सहयोगियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

फिलहाल आरोपी को बिलासपुर की विशेष अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। जांच एजेंसी का कहना है कि जैसे-जैसे डिजिटल सबूत सामने आएंगे, और नाम उजागर हो सकते हैं।


अन्य पोस्ट