ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 27 फरवरी। बीते दिनों मस्तूरी में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन कारोबार को लेकर चली गोलियों ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना में कांग्रेस नेता नितेश सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। इस फायरिंग में पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह के पैर में गोली लगी थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे राजनीतिक दबदबा और जमीन के लेन-देन को लेकर पुरानी खींचतान थी। मामले में कांग्रेस से जुड़े नागेंद्र राय और तकेश्वर पटले का नाम सामने आया था।
पुलिस का कहना है कि ताकेश्वर पटले ने इस वारदात के मास्टरमाइंड विश्वजीत को शूटरों तक रकम पहुंचाने के लिए एक लाख रुपये दिए थे। वहीं, नागेंद्र राय पर साजिश में शामिल होने का आरोप है।
मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की टीम कई बार दबिश दे चुकी है, लेकिन दोनों आरोपी अब तक हाथ नहीं आए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनाम की घोषणा मस्तूरी थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के प्रकरण के तहत की गई है। नागेंद्र राय (60 वर्ष), निवासी लालखदान तोरवा, और ताकेश्वर पटले (50 वर्ष), निवासी लिमतरा मस्तूरी, पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
इसी के साथ चकरभाठा थाना में दर्ज एक अन्य मामले में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले अज्ञात आरोपी की सूचना देने पर भी 5 हजार रुपये का इनाम रखा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इनाम देने का अंतिम फैसला एसएसपी बिलासपुर द्वारा लिया जाएगा।


