ताजा खबर
रायपुर, 26 फरवरी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, (एसबीआई)शाखा बिल्हा, बिलासपुर की कैशियर को एसीबी ने गिरफ्तार किया है। एसीबी ने उस पर दो करोड़ राशि गबन करने का मामला दर्ज किया है।यह गबन महज 15 दिन में किया गया था।
बैंक के शाखा प्रबंधक ने राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/ एन्टी करप्शन ब्यूरो, मुख्यालय रायपुर में शिकायत की थी। इसके मुताबिक बिल्हा शाखा 19 दिसंबर 24 से 02 जनवरी 25 के मध्य बैंक के कैशियर और अन्य कर्मचारियों के द्वारा पद का दुरुपयोग कर बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर बैंक के साथ धोखाधड़ी कर 2,06,37,600 रूपये का गबन कर बैंक को आर्थिक क्षति पहुंचाई थी। इस पर ब्यूरो में स्टेट बैंक बिल्हा की तत्कालीन कैशियर श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा एवं अन्य के विरुद्ध 19.1.2026 को धारा 13 (1) A, 13(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथासंशोधित 2018) एवं धारा 316(5), 318(4), 61(2), 338, 336(3), 340 (2) बीएनएस के तहत् दर्ज कर जांच की जा रही थी।
स्टेट बैंक द्वारा विभागीय स्तर पर की गई विभागीय जांच में भी कैशियर श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य को आर्थिक अनियमितता करना और उक्त राशि गबन करना पाया था। एसीबी बिलासपुर द्वारा प्रकरण की विवेचना के दौरान स्टेट बैंक के विभागीय जांच रिपोर्ट और अपने स्तर पर संकलित साक्ष्य से कैशियर एवं अन्य के द्वारा गबन करने का साक्ष्य मिले थे। एसीबी बिलासपुर की टीम लगातार पिछले कुछ दिनों से कैशियर की तलाश में लगी हुई थी। कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा के आज बैंक आने की सूचना मिलते ही एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे अभिरक्षा में लेकर गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया । उसके मोबाईल को जप्त किया गया है। गिरफ्तार कैशियर को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड पर लिया है।


