ताजा खबर

आरएसएस की प्रतिनिधि सभा की बैठक 13 से 15 मार्च , भाजपा महामंत्रियों का होगा फैसला
26-Feb-2026 5:30 PM
आरएसएस की प्रतिनिधि सभा की बैठक 13 से 15 मार्च , भाजपा महामंत्रियों का होगा फैसला

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 26 फरवरी  । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक मार्च महीने में हरियाणा के समालखा में होने जा रही है। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश संगठनों में महामंत्री संगठन के पद पर कार्यरत संघ कार्यकर्ताओं के कार्यकाल का फैसला होना है।

इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत और सर कार्यवाहक दत्तात्रेय होसबोले के साथ, सभी पांच सह सरकार्यवाह और आरएसएस के 32 अनुसांगिक संगठनों के आमंत्रित प्रतिनिधि भाग लेंगे।
शताब्दी वर्ष की समीक्षा

संघ सूत्रों के अनुसार इस बैठक में 2025 और 2026 में देशभर में संघ के द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा 2025 और 2026 का लेखा-जोखा प्रतिनिधि सभा में प्रस्तुत किया जाएगा। इस बैठक में संघ 1925 से लेकर 2025 तक मनाये गये शताब्दी वर्ष की समीक्षा भी करेगी।

राजनीतिक व सामाजिक नीति पर विचार
इस बैठक में देश के राजनीतिक और सामाजिक नीतियों की समीक्षा भी की जाएगी और आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी, बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी आमंत्रित किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन जो संघ से भाजपा में प्रतिनियुक्ति पर आते हैं, और संघ के दिशा निर्देशों को भाजपा की राष्ट्रीय संगठन में प्रस्तुत करते हैं, बीएल संतोष और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश भी उपस्थित रहेंगे।

भाजपा में राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री के दो पद फिलहाल रिक्त हैं।

बदलाव के आसार

संघ के सूत्र बता रहे हैं कि संघ के द्वारा प्रतिनियुक्ति पर भाजपा में भेजे जाने वाले प्रचारक के नाम पर भी विचार किया जाएगा, जिन्हें विभिन्न प्रदेशों और केंद्र में संगठन मंत्री के रूप में नियुक्त किया जाना है, कई संगठन मंत्रियों के पद में बदलाव भी हो सकता है। कुछ लोगों को संघ, भाजपा से वापस बुला सकती है।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्य समिति का गठन होना भी लंबित है, सूत्र बता रहे हैं कि इस बैठक में आंतरिक रूप से उन नामों पर भी विचार हो सकता है कि किन्हे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राष्ट्रीय महामंत्री राष्ट्रीय मंत्री और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया जावे।
संगठन में दो तिहाई पद, 45-55 वर्ष के सदस्य होंगे पदाधिकारी
इस बैठक में नीतिगत निर्णय यह भी लिया जा सकता है कि 70 प्रतिशत पद, 45 वर्ष से लेकर 55 वर्ष तक के लोगों को राष्ट्रीय संगठन में दिया जाना है। इस बैठक का भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भी बेसब्री से इंतजार है और देशभर के भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को भी इंतजार है कि इसमें क्या कोई सुधार वाला निर्णय होगा, जिससे भाजपा संगठन में आमूल चूल परिवर्तन हो सके, जो संगठन के इशारे पर चले, किन्तु सरकार के इशारे पर नहीं चले।


अन्य पोस्ट