ताजा खबर

मंदिर के बगल में शराब दुकान!
26-Feb-2026 5:08 PM
मंदिर के बगल में शराब दुकान!

भाजपा विधायकों ने आबकारी मंत्री को घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 फरवरी। प्रदेश में शराब दुकानों, और अहाता के लिए स्थल चयन में मापदंड का निर्धारण नहीं होने के मामले पर भाजपा सदस्यों ने बुधवार को विधानसभा में आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन को घेरा। भाजपा सदस्यों ने आरोप लगाया कि मंदिर के बगल, और अटल आवास में भी शराब दुकान खोल दी गई है। इस पूरे मामले में देवांगन ने परीक्षण कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

भाजपा सदस्य सुनील सोनी ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए मामला उठाया। उन्होंने कहा कि शराब दुकानों के लिए स्थल चयन में प्रशासनिक अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं दी, और किसी तरह के सुझाव नहीं लिए। हाल यह है कि कटोरा तालाब जैसे व्यस्ततम इलाके में मंदिर के बगल में शराब दुकान, और अहाता खोल दिया गया। उन्होंने कहा कि शराब दुकान और अहाता खोलने के बाद वहां छेडख़ानी की घटनाएं हो रही है।

आबकारी मंत्री देवांगन ने कहा कि मंदिर के बगल में शराब दुकान खुलने की जानकारी नहीं है, वो इसका परीक्षण कराएंगे, और अगर ऐसा होगा तो हटाया जाएगा। सोनी ने भाठागांव में भी शराब दुकान को लेकर सवाल उठाए, और कहा कि भाठागांव के वालफोर्ट सिटी के रहवासियों के आने-जाने की एकमात्र सडक़ है। वहां भी शराब दुकान खोल दी गई है। वहां से भी शराब दुकान हटाने की मांग की।

 

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भी अपने विधानसभा क्षेत्र में अटल आवास में भी शराब दुकान खोले जाने का मसला उठाया। देश में अकेली ऐसी जगह है जहां अटल आवास में ही शराब दुकान खोल दिए गए। इस पर सभापति धर्मजीत सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि वो मंत्रीजी को लिखित में दे दें ताकि मंत्रीजी इसका परीक्षण करा सके।

भाजपा सदस्य रिकेश सेन इससे संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि वो पहले ही इसको लेकर आपत्ति कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी हाईवे पर शराब दुकान खोले जाने का मामला उठाया। इस पूरे मामले में सभापति के हस्तक्षेप के बाद आबकारी मंत्री ने शराब दुकान खोले जाने के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार ही शराब दुकान खोली गई है। कहीं से कोई शिकायत आएगी, तो परीक्षण किया जाएगा।


अन्य पोस्ट