ताजा खबर

जिन नक्सलियों ने हमारे उदय को मारा उनका न मैं और न ही कांग्रेस करती समर्थन- दिग्विजय
26-Feb-2026 12:37 PM
जिन नक्सलियों ने हमारे उदय को मारा उनका न मैं और न ही कांग्रेस करती समर्थन- दिग्विजय

मप्र के पूर्व सीएम ने एपस्टीन मामले में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी से मांगा इस्तीफा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 फरवरी।
राज्यसभा सांसद व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने छत्तीसगढ़ में नक्सल समस्या के सफाए को लेकर स्पष्ट तौर पर कहा कि शुरूआत से ही कांग्रेस हथियार बंद आंदोलन के खिलाफ रही है। 
उन्होंने भावनात्मक रूप से पूर्व विधायक दिवंगत उदय मुदलियार के नक्सल हमले में मारे जाने की घटना को याद करते कहा कि जिन नक्सलियों ने उदय मुदलियार समेत कई कांग्रेसियों को मार डाला। ऐसे हिंसावादी नक्सलियों का न वह खुद, बल्कि न कांग्रेस समर्थन करती है। पूर्व सीएम ने एपस्टीन मामले में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम आने पर सीधे उनसे इस्तीफे की मांग की।  

बुधवार  देर रात को राजनांदगांव पहुंचे पूर्व सीएम ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार के निवास में पत्रकारों से एक संक्षिप्त बातचीत में कहा कि देश में केंद्र की मोदी सरकार हठधर्मी अंदाज में काम कर रही है। एआई सम्मेलन में गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा चीनी रोबोट को स्वयं का निर्माता बताने के बाद देश में जहां किरकिरी हुई, वहीं युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन करने पर उन्हें जेल भेज दिया। ऐसी तमाम घटनाएं इस बात को जाहिर कर रही है कि देश में लोकतंत्र नाम की चीज नहीं रही गई है।  

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्यसभा का कार्यकाल पूरा होने के बाद वह संगठन के लिए काम करेंगे। उन्होंने सक्रिय राजनीति से हटने की खबर को भ्रामक बताया। श्री सिंह ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़  में काफी बदलाव हुए हैं। 25 साल पहले अस्तित्व में आया यह राज्य तरक्की के रास्ते बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सल सफाए के आड़ में बस्तर समेत अन्य नक्सलग्रस्त इलाकों की खनिजों को बड़े उद्योगपतियों को देने की तैयारी है। जिसका पूरजोर विरोध होना चाहिए।


 

दिग्विजय के स्वागत में फूटे पटाखे, मुदलियार परिवार संग बिताया समय


पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के शहर पहुंचने पर कांग्रेसियों ने पटाखे फोडक़र उनका शानदार स्वागत किया। पूर्व सीएम के आगमन की खबर मिलते ही कांग्रेसी मुदलियार निवास में पहुंच गए। राजधानी रायपुर से उनके साथ पूर्व मंत्री उमेश पटेल भी साथ आए। जितेन्द्र मुदलियार ने दिग्विजय सिंह की रायपुर एयरपोर्ट में अगुवानी की। एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पूर्व सीएम ने अचानक डोंगरगढ़ जाने के लिए अपने कार्यक्रम में बदलाव किया। इसी के चलते वह गुरुवार के बजाय देर रात राजनांदगांव होकर डोंगरगढ़ के लिए रवाना हुए। स्थानीय मुदलियार निवास में श्री सिंह ने परिजनों के संग समय व्यतीत किया। उनके स्वागत में पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, इकरामुद्दीन सोलंकी, चेतन भानुशाली, प्रेम रूचंदानी, महेश यादव, नथमल कोटडिया समेत अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। मुदलियार निवास में हल्का नाश्ता करने के बाद उन्होंने शहर के कांग्रेसी नेताओं से आत्मीयता से मुलाकात की।


अन्य पोस्ट