ताजा खबर
विभाग ने चलाया विशेष जांच अभियान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 फरवरी। मुंगेली जिले के लोरमी इलाके में बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बिजली विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े की अगुवाई में 55 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने एक साथ कई जगह छापा मारा। कार्रवाई में 31 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए। विभाग ने करीब 25 लाख रुपये की अनियमितता दर्ज की है।
छापेमारी शुरू करने से पहले अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े ने टीम के सभी अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद करा दिए, ताकि कार्रवाई की भनक किसी को न लगे। सुबह करीब 11 बजे टीम लोरमी में एकत्र हुई और अलग-अलग स्थानों पर एक साथ जांच शुरू की। करीब पांच घंटे तक चली इस कार्रवाई में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए।
जांच में 14 मामलों में मीटर बायपास कर बिजली लेने की पुष्टि हुई। 12 जगह सीधे हुकिंग करके लाइन से कनेक्शन लिया जा रहा था। दो मामलों में घरेलू कनेक्शन का उपयोग व्यावसायिक काम के लिए किया जा रहा था। वहीं दो घरों में मीटर से छेड़छाड़ भी मिली। इन सभी मामलों में बिजली अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं।
जिन लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया है, उनमें सतिंदर सलूजा, घनश्याम केशरवानी, माधुरी सोनी, टेकचंद गुप्ता, अनिल सलूजा, धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी, शैलेन्द्र ठाकुर, रामलोचन साहू, अमर सिंह ध्रुव, दुर्गेश श्रीवास, जवाहर लाल साहू, भगवान सिंह राजपूत, नरेश कुमार राजपूत, अनवर यासिनी, बलेश्वर राठौर, प्रकाश मंगेशकर, कपिल सिंह राजपूत, लल्ला सिंह, सरजू राम यादव, बेदु राजपूत, प्रदीप यादव, नर्मदा बाई वैष्णव, सतीश अहिरवार, हमीद मोहम्मद, अर्जुन सिंह राजपूत, राधेश्याम राठौर, धनिराम राजपूत और विजय राजपूत शामिल हैं। सभी मामलों में संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।


