ताजा खबर
भोपाल पुलिस ने शिकायत के बाद दो सगी बहनों सहित दलाल को गिरफ्तार किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 26 फरवरी। मुंगेली जिले की एक ब्यूटीशियन युवती ने असाधारण हिम्मत दिखाते हुए मध्य प्रदेश पुलिस के सामने अपनी आपबीती बयान की, जिससे एक बड़े धर्मांतरण और सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हो गया। इस गिरोह की सरगना दो सगी बहनें अमरीन और आफरीन हैं, जो गरीब और कमजोर लड़कियों को नौकरी के बहाने फंसाकर उन्हें जबरन इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर करती थीं और फिर गुजरात तथा मुंबई में अमीर युवकों को 'सप्लाई' करती थीं। मुंगेली की पीड़िता ने बताया कि अमरीन ने उसे काम के बहाने गुजरात के अहमदाबाद ले जाकर उसके रिश्तेदार यासिर से बलात्कार करवाया, जिसके बाद उसे लगातार धमकियां मिलती रहीं।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, अगस्त 2025 में अमरीन के सहयोगी इस्लाम कबूल कर चुके चंदन यादव ने बहाने से बाहर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया और बदनामी की धमकी देकर चुप करा दिया। नवंबर 2025 में भोपाल के अब्बास नगर में अमरीन के भाई बिलाल ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। दिसंबर में अहमदाबाद ले जाकर यासिर ने भी यौन उत्पीड़न किया। गिरोह की सदस्यों ने पीड़िता को बुर्का पहनने, नमाज पढ़ने और शराब-ड्रग्स के सेवन के लिए मजबूर किया, साथ ही छोटे कपड़े पहनाकर पब-लाउंज में अजनबियों से मेलजोल बढ़ाने का दबाव डाला। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे कहा था कि किसी को हमारे संबंध में कुछ मत बताना... हमारे खिलाफ कभी भी कोई बात सुनने को मिली तो जान से हाथ तक धोना पड़ेगा।
भोपाल पुलिस ने रविवार रात पीड़िता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की और सोमवार को अमरीन, आफरीन तथा चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह के अन्य सदस्य बिलाल, चानू और यासिर फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल जब्त किए, जिनमें कई संदिग्ध वॉट्सएप ग्रुप और युवतियों के फोटो मिले, जो देह व्यापार से जुड़े होने के सबूत हैं। गिरोह मुख्य रूप से गरीब लड़कियों को टारगेट करता था, उन्हें घरेलू काम के बहाने रखता और फिर रेप, धर्मांतरण तथा सेक्स रैकेट में धकेलता था। बहनों ने इस अपराध से इतना पैसा कमाया कि भोपाल की झुग्गी से निकलकर करोड़ों के लग्जरी विला में शिफ्ट हो गईं।
अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि ब्यूटीशियन का काम करने वाली छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की युवती किस तरह भोपाल पहुंची और वहां वह इस रैकेट के जाल में फंस गई। मगर, उसने पुलिस में शिकायत करने की बहादुरी दिखाई, जिससे एक बड़े सेक्स और धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश हुआ है।


