ताजा खबर

स्थायी शांति तभी आएगी जब विकास के साथ आदिवासियों का विश्वास भी जीता जाए- कवासी
25-Feb-2026 9:38 PM
स्थायी शांति तभी आएगी जब विकास के साथ आदिवासियों का विश्वास भी जीता जाए- कवासी

कभी कल्पना नहीं किया था कि नक्सल गतिविधियां इतनी कमजोर पड़ जाएंगी 

रायपुर, 25 फरवरी। करीब एक साल बाद सदन पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक कवासी लखमा ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में गृह मंत्री को नक्सलवाद खत्म होने की दिशा में बढ़ते कदमों के लिए बधाई दी। साथ ही आदिवासियों के साथ हो रहे कथित अन्याय और सामाजिक समरसता को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

कवासी लखमा ने सदन में कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि बस्तर में नक्सल गतिविधियां इतनी कमजोर पड़ जाएंगी। उन्होंने स्वीकार किया कि अब गांवों में लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और बाजार-स्कूल फिर से खुल रहे हैं। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि स्थायी शांति तभी आएगी जब विकास के साथ आदिवासियों का विश्वास भी जीता जाएगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार आज भी वहां की प्राथमिक जरूरतें हैं।

नक्सल मोर्चे पर तारीफ के बाद लखमा ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान शासनकाल में आदिवासी समाज के साथ अन्याय बढ़ा है। उन्होंने ‘पंडुम’ के नाम पर हो रही गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सामाजिक आयोजनों की आड़ में समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाना खतरनाक है। उन्होंने सीधे तौर पर पूछा कि आदिवासी मुख्यमंत्री के रहते आदिवासियों की हत्याएं क्यों हो रही हैं?


अन्य पोस्ट