ताजा खबर
बिलासपुर-मुंगेली को कई अहम सौगातें मिलीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 25 फरवरी। छत्तीसगढ़ के बजट में बिलासपुर के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। इनमें से राजीव गांधी चौक से सीपत चौक फ्लाईओवर (15 करोड़), मेलनाडीह से मस्तूरी सड़क (30 करोड़), उसलापुर गीता पैलेस से अमेरी अंडरब्रिज (4 करोड़), चकरभाटा से धमनी मार्ग (2 करोड़), एयरपोर्ट अधोसंरचना विकास तथा कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना प्रमुख है। भाजपा इसे समावेशी विकास का बजट बता रही है, तो विपक्ष कांग्रेस ने दिशा और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं।
सरकार ने इस बजट में पाँच मुख्यमंत्री मिशनों की घोषणा की है अधोसंरचना मिशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता मिशन, पर्यटन विकास मिशन, स्टार्टअप मिशन और खेल उत्कर्ष मिशन। हर मिशन के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। दावा है कि इससे विकास को नई धार और नई रफ्तार मिलेगी। इन योजनाओं से ट्रैफिक सुधरेगा, इलाज की सुविधा बढ़ेगी और व्यापार को गति मिलेगी। मुंगेली जिले में फास्टरपुर–झलियापुर सड़क के लिए 10 करोड़ और बिटकुली–भटगांव मार्ग के लिए 4 करोड़ का प्रावधान हुआ है। इससे गांवों का संपर्क मजबूत होगा।
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने इसे विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के अनुरूप बताया। उनका कहना है कि यह बजट संतुलित और दूरदर्शी सोच के साथ तैयार किया गया है, जिससे हर वर्ग को फायदा मिलेगा।
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण बेरोजगारी और आदिवासी क्षेत्रों के लिए स्पष्ट कार्ययोजना नहीं दिखती। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने इसे निराशाजनक बताया। वहीं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि यह बजट जुमलों तक सीमित है और युवाओं-किसानों को ठोस राहत नहीं देता।


