ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 25 फरवरी। विधानसभा में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा पेश किए गए विष्णु देव साय सरकार के तीसरे बजट को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने राज्य के विकास की नई उड़ान बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार जिस संकल्प के साथ सत्ता में आई थी, यह बजट उसी दिशा में आगे बढ़ने वाला है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट कई नई और नवाचारी योजनाओं से भरा है। शहरों को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए “मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना” शुरू की गई है। वहीं सड़कों को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी देने के लिए “द्रुतगामी सड़क संपर्क योजना” लाई गई है।
उनका कहना है कि इन योजनाओं से शहरों की सूरत बदलेगी और आवागमन आसान होगा।
साव ने कहा कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देगा। युवाओं, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों के लिए नए मौके खुलेंगे। सरकार सिर्फ काम करने की नहीं, बल्कि ऐसा विकास करने की सोच रखती है जिससे हर नागरिक को फायदा पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में विकास की रफ्तार और तेज होगी।


