ताजा खबर
-प्रभाकर मणि तिवारी
पश्चिम बंगाल में कोलकाता समेत कई ज़िलों की अदालतों में आरडीएक्स और दूसरे विस्फोटक रखे होने की धमकी मिली. पुलिस ने सूचना पाते ही सभी अदालतों से लोगों को सुरक्षित निकालकर तलाशी ली. लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि 'इन धमकियों का मक़सद शायद आतंक फैलाना रहा हो. हर मेल करीब एक जैसा था. इनमें कहा गया था कि कुछ घंटे के भीतर विस्फोट होगा.'
पुलिस ने ऐसे मेल मिलने के फ़ौरन बाद संबंधित अदालत परिसर को खाली करा लिया और परिसर की जांच शुरू की.
कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम बसु ने कहा, "साइबर सेल इसका पता लगा रहा है कि मेल कहां से भेजे गए थे. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है."
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक़, धमकी भरा पहला मेल पश्चिम बर्दवान के ज़िला और सत्र न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के पास सुबह करीब 11 बजे आया था.
उसमें कहा गया था कि अदालत परिसर में बम रखा हुआ है और दोपहर डेढ़ बजे उसे विस्फोट से उड़ा दिया जाएगा. सूचना मिलते ही पुलिस डॉग स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंची और परिसर को खाली कर जांच शुरू की.
इसके बाद कई अदालतों के न्यायाधीशों को ऐसे ही मेल मिले. इनमें कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट के अलावा चुंचुड़ा, दुर्गापुर और मुर्शिदाबाद की ज़िला अदालतें शामिल हैं.(bbc.com/hindi)


