ताजा खबर
बारामती विमान हादसे के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कड़ा क़दम उठाते हुए 'मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' कंपनी के चार 'लियरजेट 40/45' विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी है.
महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को बारामती हवाई पट्टी के निकट एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी. इसके बाद से ही विमानन कंपनी मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड पर सवाल उठते रहे हैं.
डीजीसीए की ओर से जारी किेए गए प्रेस नोट में कहा गया है, "इन विमानों को तब तक उड़ान से रोका गया है, जब तक इनकी तकनीकी स्थिति तय मानकों के अनुसार ठीक नहीं हो जाती."
डीजीसीए के मुताबिक़, "ऑडिट टीम ने कंपनी में कई जगह नियमों का पालन न होने की बात पाई. ये कमियां विमान की तकनीकी स्थिति, हवाई सुरक्षा और उड़ान संचालन से जुड़ी हुई थीं."
'मेसर्स वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' को इन कमियों का असली कारण बताना होगा, ताकि डीजीसीए आगे इसकी जांच कर सके. (bbc.com/hindi)


