ताजा खबर

एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने 'षड्यंत्र' माना, अब तक आठ अभियुक्त गिरफ़्तार
24-Feb-2026 7:09 PM
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने 'षड्यंत्र' माना, अब तक आठ अभियुक्त गिरफ़्तार

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था. दिल्ली पुलिस ने इसे 'षड्यंत्र' माना है. इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल को दे दी गई है.

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी क्राइम ब्रांच देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में कहा, "अब तक की जांच के आधार पर गहन षड्यंत्र के तहत इस अपराध को अंजाम दिया गया है और इसके पुख़्ता प्रमाण हमें मिल चुके हैं."

पुलिस की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़, मामला दर्ज होने के बाद से अब तक कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया जा चुका है, बाकी अभियुक्तों और संदिग्धों से पूछताछ हो रही है. अब भी तलाशी और छापेमारी की कार्यवाही जारी है.

गिरफ़्तार किए गए व्यक्तियों में इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं. गिरफ़्तार लोगों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की है.

गौरतलब है कि दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था. साथ ही पीएम मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट