ताजा खबर

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने एआई समिट में हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर क्या कहा?
24-Feb-2026 7:08 PM
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने एआई समिट में हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर क्या कहा?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के भोपाल में 'कांग्रेस किसान महाचौपाल' को संबोधित किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की सराहना की.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "जब देश में 'कॉमनवेल्थ गेम्स' हुआ था, तब बीजेपी के लोगों ने गाड़ियां रोकीं, काले झंडे दिखाए. आज यही लोग कांग्रेस पर देश का अपमान करने का आरोप लगा रहे हैं. जबकि कांग्रेस पार्टी ने देश का मान बचाया है, देश के लिए जान दी है. कांग्रेस कभी किसी की जान नहीं लेती. हमारे पास बीजेपी की तरह कोई 'गोडसे' नहीं है, हमारे पास 'गांधी' है."

उन्होंने कहा, "मैं यूथ कांग्रेस के साथियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी के सामने जाकर, उनके फ़ंक्शन में जाकर बता दिया कि देश का युवा नौकरी न होने के कारण रास्ते पर है, ग़रीबों के पास खाना नहीं है, वे भूखे पेट हैं. लेकिन मोदी सरकार ने इसे देश का अपमान बता दिया. देश का अपमान तो तब हुआ, जब पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने हमारा स्वाभिमान गिरवी रख दिया."

राहुल गांधी ने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बब्बर शेर हैं, वे किसी से नहीं डरेंगे. उन्होंने कहा, "आपमें कांग्रेस पार्टी का ख़ून है, आपमें देशभक्ति है. आप सबको दिल से धन्यवाद करता हूं."

उन्होंने कहा, "मैं नरेंद्र मोदी को चुनौती देता हूं, अगर दम है तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करके दिखाएं. लेकिन ये नहीं कर सकते, क्योंकि इन पर ट्रंप का दबाव है, एपस्टीन फ़ाइल्स और अदानी केस का डर है."

दरअसल, दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने पहुंच गए थे. लेकिन बीजेपी समेत कई राजनीतिक दलों ने इसकी आलोचना की है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया था और कहा था कि कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट