ताजा खबर
संकल्प से सिद्धि को समर्पित बजट : देव
कर्मचारी की मांगो को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 24 फरवरी । नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बजट पर बड़ा हमला किया है। मीडिया से चर्चा करते हुए डा महंत ने कहा कि यह बजट जनता के साथ छलावा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में भारी-भरकम शब्दों का मायाजाल बुना है, लेकिन हकीकत में यह गति का नहीं बल्कि प्रदेश की दुर्गति का बजट है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नई योजनाएं केवल भ्रष्टाचार करने के उद्देश्य से लेकर आई है।
महंत ने युवाओं और महिलाओं के बजट पर कहा कि इस बजट में प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए ठोस कुछ भी नहीं है। नौकरी के नाम पर युवाओं को सिर्फ झुनझुना पकड़ाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि जो कर्मचारी अपनी छोटी-छोटी मांगों को लेकर लंबे समय से हड़ताल कर रहे हैं, सरकार ने उन्हें इस बजट में पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया है।
संकल्प से सिद्धि को समर्पित बजट : देव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं
है, बल्कि यह हर छत्तीसगढ़िया के स्वाभिमान और समृद्धि का रोडमैप है। यह अंत्योदय के संकल्प को चरितार्थ करता है।
श्री देव ने बजट को 'ज्ञान' और 'गति का संगम' और 'विकसित छत्तीसगढ़' का आधारस्तम्भ बताते हुए कहा कि बजट में कृषक उन्नति योजना और सिंचाई परियोजनाओं के लिए किया गया प्रावधान यह सिद्ध करता है कि हमारी सरकार किसानों की खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। बिना किसी नए कर के राजस्व बढ़ाना और किसानों को समय पर इनपुट सब्सिडी देना प्रशंसनीय है। बजट में युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उन्नयन पर जोर दिया गया है। 'अटल निर्माण वर्ष' के तहत बुनियादी ढांचे में निवेश से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। 'महतारी वंदन योजना' के सफल क्रियान्वयन के साथ-साथ महिलाओं के स्वरोजगार और लखपति दीदी योजना को नई गति देना महिला सशक्तिकरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। बजट में सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास (गति) के लिए आवंटित भारी भरकम राशि से राज्य के सुदूर वनांचलों तक विकास की किरण पहुँचेगी। श्री देव ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए किए गए विशेष प्रावधानों के लिए सीएम विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का आभार व्यक्त किया ।


