ताजा खबर
दिल्ली के लिए स्लीपर वंदेभारत व संपर्क क्रांति को सातों दिन चलाने की मांग रखी सांसदों ने
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 24 फरवरी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की अहम बैठक शुरू होने से पहले ही सियासी हलचल तेज हो गई। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेलवे जीएम के कामकाज के तरीके पर कड़ा ऐतराज जताते हुए बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया।
सांसद का आरोप है कि रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने 21वीं जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (जेडआरयूसीसी) की बैठक की तारीख तय करते समय जनप्रतिनिधियों से राय नहीं ली। जबकि परंपरा के मुताबिक सांसदों की सहमति जरूरी मानी जाती है। अग्रवाल ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए ईमेल के जरिए विरोध जताया।
इधर, सोमवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन मुख्यालय में जेडआरयूसीसी की 21वीं बैठक आयोजित हुई। इसमें दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह समेत 19 सदस्य मौजूद रहे।
व्यापार मंडल, यात्री संघ, दिव्यांग संगठन और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर सकारात्मक सुझाव दिए। बैठक में रेलवे जीएम तरुण प्रकाश और सभी विभागाध्यक्ष मौजूद थे।
बैठक में यात्रियों की परेशानियों और नई सुविधाओं पर खुलकर चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि अगर इन मांगों पर सहमति बनती है तो आम जनता को बड़ा फायदा मिलेगा। प्रमुख मांगें ये रहीं- सभी ए और बी श्रेणी के स्टेशनों पर सामान्य टिकट काउंटर बढ़ाए जाएं। स्टेशन फूड स्टॉल पर गरमा-गरम पूरी-सब्जी और ताज़ी चाय इंडक्शन चूल्हे पर उपलब्ध हो। खाने के मेन्यू में दाल-चावल और टमाटर चटनी जोड़ी जाए। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सप्ताह में सातों दिन चलाई जाए। दुर्ग-रायपुर-बिलासपुर-कटनी मार्ग से दिल्ली के लिए स्लीपर वंदे भारत तीन दिन चले। बिलासपुर से बालाघाट, नैनपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा के लिए सीधी ट्रेन। पुरानी नर्मदा एक्सप्रेस रैक से बिलासपुर-भोपाल नई ट्रेन। दुर्ग-अजमेर, बिलासपुर-पुणे, बिलासपुर-हापा, बिलासपुर-तिरुनेलवेली, बिलासपुर-चेन्नई ट्रेनें सप्ताह में तीन या चार दिन चलाई जाएं। दुर्ग/रायपुर से अंबिकापुर के बीच दिन में इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा रायगढ़ से अंबिकापुर वाया बिलासपुर-अनूपपुर नई ट्रेन सेवा।
बैठक में जीएम तरुण प्रकाश ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके अलावा 47 स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। ।


