ताजा खबर

रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, सभी सातों लोगों की मौत : चतरा डीसी कीर्तिश्री
24-Feb-2026 9:48 AM
रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, सभी सातों लोगों की मौत : चतरा डीसी कीर्तिश्री

रांची, 24 फरवरी। झारखंड के रांची से सात लोगों को दिल्ली ले जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार को चतरा जिले के सिमरिया के पास एक वनक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसमें सवार सातों लोगों की मौत हो गई। चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी. ने यह जानकारी दी।

कीर्तिश्री जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, "एयर एम्बुलेंस में सवार सभी सात लोगों की दुर्घटना में मौत हो गई। विमान रांची से दिल्ली जा रहा था।"

एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने बताया कि सभी सात लोगों के शव बरामद कर लिये गए हैं। उनकी पहचान कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार के रूप में हुई है।

इससे पहले एक अधिकारी ने बताया था कि यह दुर्घटना रांची हवाई अड्डे से एयर एंबुलेंस के शाम करीब सात बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरने के बाद हुई।

हवाई अड्डे के निदेशक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था, "रांची से सात लोगों को लेकर जा रही एक एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना राज्य प्रशासन से प्राप्त हुई है।" (भाषा)


अन्य पोस्ट