ताजा खबर

होलाष्टक लगा, अब बदमाश वारंटियों की होली जेल में मनेगी
23-Feb-2026 9:04 PM
होलाष्टक लगा, अब बदमाश वारंटियों की होली जेल में मनेगी

रायपुर, 23 फरवरी। होलाष्टक लगने के साथ ही पुलिस ने भी गुंडे बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। इस दौरान 6 असामाजिक तत्व जेल निरुद्ध, 5 माह से फरार 2 आरोपी गिरफ्तार किया है। 7 वारंटी जेल दाखिल तथा 13 चाकूबाजों सहित 03 अन्य आपराधिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की। इनमें से 06 असामाजिक तत्वों को जेल निरुद्ध किया।
 
थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के मोहभट्ठा पारा नेवरा, पुरानी बस्ती तिल्दा, सासाहोली एवं ग्राम टंडवा में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन विवाद एवं मारपीट किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया गया, किंतु वे उग्र होकर शांति भंग करने एवं मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल 06 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
 
05 माह से फरार 02 आरोपी गिरफ्तार
 
थाना तिल्दा-नेवरा के अपराध क्रमांक 554/2026, धारा 333, 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में वर्ष 2025 में गणेश विसर्जन के दौरान आरोपियों द्वारा प्रार्थी के घर में जबरन प्रवेश कर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं मारपीट कर चोट पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। घटना के पश्चात आरोपी फरार होकर गिरफ्तारी से बचते रहे।
 
सोमवार को मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर  आरोपी विवेक वर्मा एवं योगेश सेन को गिरफ्तार  कर जेल भेजा गया।
 
07 वारंटी गिरफ्तार कर जेल दाखिल
 
न्यायालय के स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 07 वारंटियों को उनके निवास स्थान से हिरासत में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार सभी 07 वारंटियों को जेल दाखिल किया गया।
 
13 सक्रिय चाकूबाजों एवं 03 आपराधिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
 
इसी प्रकार, थाना धरसींवा क्षेत्र के 13 सक्रिय चाकूबाजों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। साथ ही, थाना विधानसभा क्षेत्र में 03 आपराधिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही कर उन्हें जेल भेजा गया।

अन्य पोस्ट