ताजा खबर
कांग्रेस विधायक दल की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 फरवरी। विधानसभा में कांग्रेस ने सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। सदन में धान खरीद में अव्यवस्था, और एसआईआर के नाम पर कांग्रेस समर्थित वोटरों के नाम काटे जाने के मामले को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी है।
राजीव भवन में आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी थे।
बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत मीडिया से रूबरू हुए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस बार धान खरीदी में किसानों को अपमानित किया गया। अंग्रेजों के जमाने में भी धान बेचने के लिए इतनी तकलीफ का सामना नहीं करना पड़ा था। इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
बैठक में एसआईआर के विषय पर चर्चा की गई। यह बात सामने आई कि एसआईआर में कांग्रेस समर्थित अनुसूचित जाति, जनजाति के मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा। यही नहीं, बालोद के गुरूर में पुलिस प्रताड़ना से युवक के आत्महत्या जैसे कई विषय हैं, जिन्हें प्रमुखता से उठाया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष ने नव नियुक्त उपनेता लखेश्वर बघेल, और मुख्य सचेतक दलेश्वर साहू व सचेतक दिलीप लहरिया का परिचय दिया। इस मौके पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल , और अन्य विधायक भी थे।


