ताजा खबर
डोंगरगढ़ के अछोली क्षेत्र में मिला शव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 फरवरी। डोंगरगढ़ शहर से सटे अछोली गांव के आम बगीचा में रविवार को एक अज्ञात महिला की लाश मिली। शव की दशा देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। एसडीओपी केशरीनंदन नायक ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि अज्ञात शव की शिनाख्ती नहीं हुई है। परिस्थितिजन्य आधार पर हत्या की आशंका है। पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक अछोली के पास स्थित आम बगीचा में रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव होने की सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अनुमान लगाया कि हत्या के बाद महिला के शव को फेंक दिया गया है। शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान हैं। वहीं मौके पर खून के धब्बे भी मिले हैं। महिला की पहचान नहीं हुई है।
पुलिस आसपास के गांवों और अन्य इलाकों में महिला के संबंध में पतासाजी कर रही है। बताया जा रहा है कि महिला के सिर पर भारी पत्थर से वार करने के निशान भी हैं। इसी के चलते महिला की मौत होने की आशंका है। महिला का शव मिलने की खबर के बाद पुलिस ने फारेंसिक टीम के अलावा डॉग स्क्वाड की भी मदद ली है। घटनास्थल का एएसपी कीर्तन राठौर ने मुआयना किया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


