ताजा खबर
रायपुर, 22 फरवरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा का तीसरा बजट सत्र कल से शुरू हो रहा है। और कांग्रेस ने छठवीं विधानसभा गठन के ढाई साल बाद विधायक दल में सचेतकों नियुक्ति की है।
यह नियुक्ति सीधे एआईसीसी के द्वारा की गई है। इसके अनुसार बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इसी तरह से डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू को मुख्य सचेतक और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया उप सचेतक होंगे। इन नियुक्तियों से कांग्रेस विधायक दल में चर्चाएं तेज हो गई हैं। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने विधायक दल की राजीव भवन में बैठक बुलाई है।
डा महंत ने नई नियुक्तियों का सहर्ष स्वागत है। उन्होंने ने इस निर्णय के लिए कांग्रेस अध्यक्ष, मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव के,सी, वेणुगपाल और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का आभार व्यक्त किया है।
डॉ. महंत ने तीनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा उपनेता बघेल के अनुभव से सदन में विपक्ष की आवाज और मजबूत होगी।‘मुख्य सचेतक‘ साहू का विधायी कार्यों में समन्वय सराहनीय रहेगा। उप सचेतक लहरिया को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी है।
महंत ने विश्वास जताया है कि यह नई टीम सदन के भीतर जनता के मुद्दों को पूरी प्रखरता से उठाएगी और छत्तीसगढ़ के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से संगठन और विधायी दल को नई ऊर्जा मिलेगी।


