ताजा खबर

अंतिम मतदाता सूची जारी, 31,648 नए वोटर जुड़े, कुल संख्या 13.41 लाख पार
22-Feb-2026 11:10 AM
अंतिम मतदाता सूची जारी, 31,648 नए वोटर जुड़े, कुल संख्या 13.41 लाख पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, एसआईआर के बाद जिले की अंतिम मतदाता सूची शनिवार को प्रकाशित कर दी गई। चार महीने तक चले इस अभियान के बाद अब जिले में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13,41,254 हो गई है। प्रारंभिक सूची की तुलना में 29,031 मतदाता बढ़े हैं, जिनमें बड़ी संख्या नए 18+ युवा वोटरों की है।
1 जनवरी 2026 को पात्रता तिथि मानकर यह अभियान शुरू किया गया था।
करीब एक महीने तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर पहुंचे, फॉर्म भरवाए, पुराने नामों का मिलान किया और डुप्लीकेट या अपात्र नामों को हटाया गया।

23 दिसंबर को जारी प्रारंभिक सूची में मतदाताओं की संख्या 13,12,223 थी। इसके बाद एक महीने तक दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चली और 14 फरवरी तक सभी मामलों का निराकरण कर लिया गया। अब अंतिम सूची जारी कर दी गई है।

दावा-आपत्ति अवधि में कुल 40,632 आवेदन प्राप्त हुए।

नाम जोड़ने के लिए 33,045 आवेदन मिले, जिनकी स्थिति यह रही- 31,648 स्वीकृत और 1,080 अस्वीकृत। संशोधन के लिए 587 आवेदन मिले जिनमें 237 मंजूर तथा 350 निरस्त हुए। अन्य श्रेणी (फॉर्म जे) के 7,000 आवेदन मिले जिनमें से 6,464 स्वीकार किए गए और 532 खारिज किए गए।

कुल मिलाकर 38,353 आवेदन मंजूर किए गए, जबकि 2,279 आवेदन अस्वीकार हुए।

इसके बाद जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है- कोटा- 1,98,641, तखतपुर- 2,21,228, बिल्हा- 2,71,754, बिलासपुर- 1,72,791, बेलतरा- 2,02,561 तथा मस्तूरी- 2,74,279

इस अभियान में 6 मतदाता पंजीकरण अधिकारी, 384 सहायक अधिकारी, 2,028 बीएलओ, 3,214 बीएलए और स्वयंसेवकों ने मिलकर काम किया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव बनजी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है और पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है।


अन्य पोस्ट