ताजा खबर
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की है. उन्होंने इसे 'अशोभनीय' कहा है.
शुक्रवार को एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर पहुंचे थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी.
इस पर मायावती ने कहा, "नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में देश-विदेश के काफ़ी प्रमुख लोग आमंत्रित थे. यह इवेंट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था. इस दौरान जिन भी लोगों ने अर्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है, उनमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताए जा रहे हैं. यह बहुत ही अशोभनीय और निंदनीय है."
उन्होंने कहा, "अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी. लेकिन समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिंता की बात है. अपने देश की गरिमा और इमेज को न बिगाड़ा जाए तो यह उचित होगा."
यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के ख़िलाफ़ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी प्रदर्शन किया. (bbc.com/hindi)


