ताजा खबर

अजित पवार के प्लेन क्रैश पर रोहित पवार ने फिर उठाए सवाल, उड्डयन मंत्री के इस्तीफ़े की भी मांग
22-Feb-2026 9:14 AM
अजित पवार के प्लेन क्रैश पर रोहित पवार ने फिर उठाए सवाल, उड्डयन मंत्री के इस्तीफ़े की भी मांग

अजित पवार के भतीजे और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एससीपी) के नेता रोहित पवार ने एक बार फिर अजित पवार के प्लेन हादसे पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने नागरिक नागरिक उड्डयन मंत्री के इस्तीफ़े की भी मांग की है.

रोहित पवार ने प्रेस वार्ता में कहा, "अगर हम साज़िश की बात करें तो दो तरह की साज़िश हो सकती है, पॉलिटिकल और कमर्शियल. हमें पता करना है कि इनमें से कौन-सी है. इस हादसे के लिए ज़िम्मेदार वीएसआर कंपनी को यदि कोई बचा रहा है या उसका साथ दे रहा है, तो यह भी साज़िश हो सकती है. इस कंपनी के पीछे बहुत ताक़तवर लोग हैं. डीजीसीए के अधिकारी भी इसके पीछे हैं."

"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ही अजित दादा को इंसाफ़ दिला सकते हैं. मैं उनसे निवेदन करता हूं कि वे इस जांच को ख़ुद देखें. मैं आज पीएम मोदी को ईमेल के ज़रिए एक चिट्ठी भेजने वाला हूं. हमारी मांग है कि नागरिक उड्डयन मंत्री से इस्तीफ़ा लेना चाहिए."

रोहित पवार ने एक प्रेज़ेंटेशन दिखाते हुए कहा, "मैंने ब्लैक बॉक्स को लेकर शक जताया था. जब हादसा हुआ तो सिर्फ़ एक धमाका नहीं हुआ, कई धमाके हुए. फ़्लाइट की कंपनी में भी काफ़ी दिक़्क़तें रही हैं, जो मैकेनिकल और मेंटेनेंस संबंधी हैं."

"फ़्लाइट में एक जगह होती है जहां बैग रखे जाते हैं, वहां एक्स्ट्रा पेट्रोल के कैन रखे गए थे, उसी वजह से आग लगी. इसलिए इसकी जांच होना ज़रूरी है."

पिछले महीने 28 जनवरी को पुणे की बारामती हवाई पट्टी पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में अजित पवार के अलावा चार अन्य लोगों की जान चली गई थी.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट