ताजा खबर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए ग्लोबल टैरिफ़ वहां के सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिए हैं. इस पर अब भारत की ओर से वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बयान जारी किया है.
मंत्रालय ने प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए कहा, "हमने कल अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ़ पर दिए गए फ़ैसले को देखा है. राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बारे में प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की है. अमेरिकी प्रशासन ने कुछ क़दमों का एलान किया है. हम इन सभी घटनाक्रम का असर समझने के लिए उनका अध्ययन कर रहे हैं."
टैरिफ़ रद्द होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने नए 10 फ़ीसदी ग्लोबल टैरिफ़ लागू करने का एलान किया था. ट्रंप ने अदालत के फ़ैसले को 'भयानक' और व्यापार नीति को ख़ारिज करने वाले जजों को 'बेवक़ूफ़' बताया था.
एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ट्रंप से पूछा गया कि भारत के साथ हुई ट्रेड डील पर क्या असर पड़ेगा? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, "कुछ भी नहीं बदला है, भारत टैरिफ़ का भुगतान करेगा. हम टैरिफ़ का भुगतान नहीं करेंगे.'' (bbc.com/hindi)


