ताजा खबर

सरोना के स्वास्थ्य केंद्र-आंगनबाड़ी केन्द्र में ताला !
21-Feb-2026 10:26 PM
सरोना के स्वास्थ्य केंद्र-आंगनबाड़ी केन्द्र में ताला !

कलेक्टर भड़के, वेतन काटने, और कई को नोटिस

छत्तीसगढ़ संवाददाता

रायपुर, 21 फरवरी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह शनिवार को सरोना इलाके में  सरकारी सुविधाओं का हाल जाना। उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं,  और आंगनबाड़ी संचालन में लापरवाही मिली। उप स्वास्थ्य केंद्र सरोना बंद पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान बाजार चौक, सरोना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद मिला। इस पर कलेक्टर ने गंभीर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वयं गैस जलाकर बर्तनों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शैल ठाकुर ने सीडीपीओ श्रीमती अनुपमा तिवारी, सुपरवाइजर सुश्री गार्गी शर्मा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कुंती सोनकर और सहायिका श्रीमती रेवती साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी ट्रैफिक विकास कुमार और एसडीएम नंदकुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी संस्थाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट